जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों के साथ की बैठक, 20 नवंबर तक मांगे विकास कार्यों के आगणन; स्थानीय युवाओं और महिलाओं को भी मिलेंगे रोजगार के अवसर

पौड़ी। जनपद पौड़ी के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। श्री भरत जन्मस्थली कण्वाश्रम, प्रसिद्ध ताड़केश्वर मंदिर और यमकेश्वर विकासखंड के सिरासू टूरिस्ट पार्क को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने अधिकारियों को 20 नवंबर तक विस्तृत कार्ययोजना और आगणन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि इन तीनों स्थलों का विकास उनकी धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका के अवसर भी बढ़ सकें।

कण्वाश्रम को मिलेगी पौराणिक विरासत के अनुरूप पहचान:- श्री भरत जन्मस्थली कण्वाश्रम के विकास पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने इसकी पौराणिक कथाओं, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और धार्मिक महत्व को विकास योजना का आधार बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे परिसर का थ्रीडी डिजाइन तैयार कर इसे कलात्मक और आकर्षक स्वरूप देने को कहा। प्रस्तावित योजना के तहत कैनाल किनारे पहाड़ी पत्थरों से सौंदर्यीकरण, बैठने के लिए बेंच, रास्तों का सुधारीकरण, आकर्षक साइनेज, सेल्फी प्वाइंट, सोलर लाइट, शौचालय और पेयजल सुविधा विकसित की जाएगी। साथ ही प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण करने के अलावा पुराने मंदिर और चौकीघाटा क्षेत्र में हट्स एवं घाट विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर 20 नवंबर तक विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

ताड़केश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं:- प्रसिद्ध ताड़केश्वर मंदिर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार की योजना बनाई गई है। इसके तहत शौचालय और दीवारों की मरम्मत, भूमि कटाव प्रभावित स्थानों का सुधारीकरण, पैदल मार्ग का प्राकृतिक शैली में विकास, रेलिंग निर्माण, पेंटिंग और आकर्षक साइनेज लगाए जाएंगे। मंदिर के प्रवेश द्वार को नया स्वरूप देने तथा लोहे की बेंच के स्थान पर लकड़ी की बेंच लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

सिरासू टूरिस्ट पार्क का होगा कायाकल्प, रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे:- यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए भी कई कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें सुरक्षा दीवार का निर्माण, रेलिंग की मरम्मत, बेंच लगाने, शौचालयों का सुधारीकरण, पाथवे निर्माण, सेल्फी प्वाइंट और विद्युत सौंदर्यीकरण शामिल हैं। इसके साथ ही अस्थायी दुकानों और चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने तथा क्षेत्र में वाटर बोट संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। सिरासू में पर्यटन विकास को स्थानीय रोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि होमस्टे संचालन और पर्यटन आधारित रोजगार को बढ़ावा देने के लिए शिविर आयोजित किया गया है। वहीं 20 नवंबर से 20 महिलाओं को मेकअप आर्टिस्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा फोटोग्राफी प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।

स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाएं योजनाएं:- जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्ताव संबंधित स्थलों की प्राकृतिक विशेषताओं, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू का योजनाबद्ध विकास होने से पौड़ी जनपद को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय व्यवसायों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

बैठक में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, वन क्षेत्राधिकारी नक्षत्र शाह, उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, मनोज इष्टवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!