पौड़ी/यमकेश्वर :- फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के आरोप में पौड़ी पुलिस ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी (49) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी गाजियाबाद से की गई है। मामला यमकेश्वर के विथ्याणी स्थित गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में नियुक्ति से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति प्राप्त करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य ने थाना यमकेश्वर में तहरीर देकर महाविद्यालय में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी के खिलाफ फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के मामले में कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर थाना यमकेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 10/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338 एवं 340(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने प्रकरण की निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष यमकेश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मामले की गहन जांच करते हुए साक्ष्य एकत्र किए। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को आरोपी डॉ. उमेश त्यागी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पूर्व में मुरादनगर, गाजियाबाद का निवासी है, जबकि वर्तमान में बादलपुर, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में रह रहा था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल लोकेश गिरि, कांस्टेबल संजीव कुमार, एएसआई अहसान अली (सीआईयू) और कांस्टेबल अवनीश राणा शामिल रहे।
