प्रतिबंधित क्षेत्र में शादी समारोह पर मचा घमासान, पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने खोला मोर्चा, बोलीं— दोषियों को बेनकाब करें, पालिका को बदनाम करने की साजिश बर्दाश्त नहीं.
मुनि की रेती:- प्रतिबंधित क्षेत्र योगा घाट पर शादी समारोह आयोजित होने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। पिछले तीन दिनों से चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच नगर पालिका परिषद मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने पत्रकारों के सामने खुलकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने पालिका पर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और असली दोषियों को सामने लाने की मांग की।
नीलम बिजल्वाण ने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में आखिर किसकी शह पर विवाह समारोह आयोजित हुआ, यह गंभीर जांच का विषय है। उन्होंने सिंचाई विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में चाहे कोई कितना भी रसूखदार क्यों न हो, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सबूत रखने वाले लोगों से भी प्रमाण सहित प्रशासन को जानकारी देने की अपील की।
‘पालिका नहीं देती ऐसे आयोजनों की अनुमति:- पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि योगा घाट जैसे स्थलों पर विवाह समारोह की अनुमति देना नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। पालिका की जिम्मेदारी केवल साफ-सफाई की है। उन्होंने बताया कि अनियमितता सामने आने पर पालिका के सफाई निरीक्षक के माध्यम से नियमानुसार चालान कर जुर्माना वसूला गया और सिंचाई विभाग, जिला प्रशासन व पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।
उन्होंने दावा किया कि मामले का वीडियो बनाकर उन्होंने स्वयं जिलाधिकारी टिहरी को भेजा था। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने और एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है।
पालिका को बदनाम करने की साजिश का आरोप:- नीलम बिजल्वाण ने कहा कि चुनाव के समय से ही उनके खिलाफ साजिशें की जा रही हैं। जनहित के कार्यों में सहयोग देने के बजाय लगातार अड़चनें पैदा करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना ठोस प्रमाण के आरोप लगाकर किसी की सामाजिक प्रतिष्ठा और मानसिक स्थिति को नुकसान पहुंचाने की जिम्मेदारी कौन लेगा?
उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों को प्रमाण सामने लाने चाहिए। केवल सोशल मीडिया और मीडिया में प्रचार कर किसी की मानहानि करना उचित नहीं है।
पौने दो साल के संघर्ष के बाद सड़क निर्माण को मिली मंजूरी:- पत्रकारों से बातचीत के दौरान पालिका अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने बताया कि लगभग पौने दो साल के प्रयासों के बाद वार्ड नंबर 11 में चीनी गोदाम वाली सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। संबंधित सर्कुलर पास होने के बाद सड़क निर्माण को हरी झंडी मिली है।
उन्होंने कहा कि नगर की कई सड़कें बिजली और पानी की लाइनों के कारण बदहाल हैं। जल्द ही इनके निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा।
स्वच्छता में फिर मिला पहला स्थान, डंपिंग सेंटर में आग लगाने का भी उठाया मुद्दा:- पालिका अध्यक्ष ने बताया कि जनसंख्या के आधार पर नगर पालिका ने एक बार फिर स्वच्छता के मामले में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसका श्रेय उन्होंने नगर की जनता और पर्यावरण मित्रों को दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले समय डंपिंग सेंटर में अज्ञात तत्वों द्वारा आग लगाए जाने के कारण पालिका की छवि प्रभावित हुई थी। जिस दिन निरीक्षण होना था, उसी दिन केंद्र में आग लगने की घटना हुई, जिसके बाद पालिका की रैंकिंग दसवें स्थान पर पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और पर्यटकों से फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करने पर भी मंथन चल रहा है।
‘जनता के सामने रखूंगी अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड:- नीलम बिजल्वाण ने कहा कि पौने दो साल के कार्यकाल में उन्हें जनता का भरपूर आशीर्वाद मिला है। सहयोग की कमी के बावजूद उन्होंने जनहित के कार्यों को जारी रखा है। उन्होंने कहा कि वह अपने कार्यकाल का विधिवत रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेंगी और जनता स्वयं उनके कार्यों का मूल्यांकन करेगी।
साईं बाबा के वचनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनका संकल्प हमेशा जनहित में काम करते रहने का है। उन्होंने दोहराया कि योगा घाट प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था को दरकिनार कर विवाह समारोह आयोजित कराने में किन लोगों की भूमिका रही।
अब बड़ा सवाल यह है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में शादी समारोह की अनुमति किसने दी? क्या जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होगी? फिलहाल यह मामला प्रशासनिक जांच और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
