जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं का बनेंगे आधार: राज्यपाल,राज्यपाल ने स्व-गणना कर दिया जनगणना-2027 का संदेश, प्रगणकों को पारदर्शिता और शुद्धता से कार्य करने के निर्देश।
लोक भवन देहरादून:- राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को लोक भवन में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के माध्यम से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इसके साथ ही प्रदेश में जनगणना के द्वितीय चरण की गतिविधियां प्रारंभ हो गई हैं। इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जा रही है। प्रदेशवासी 16 से 30 नवम्बर, 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपनी स्व-गणना कर सकते हैं। जनगणना-2027 का द्वितीय चरण 1 दिसम्बर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि जनगणना किसी भी देश और प्रदेश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। यह केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि समाज की आवश्यकताओं को समझने, संसाधनों का उचित वितरण सुनिश्चित करने और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा तय करने का वैज्ञानिक माध्यम है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा उनके कार्य में पूरा सहयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आगे आकर अपने परिवार के सदस्यों को इस प्रक्रिया में सहयोग देने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि सभी प्रगणक जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। प्रत्येक परिवार से सही एवं प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करें और सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक दर्ज करें, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक हों और भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में उपयोगी साबित हो सकें।
राज्यपाल ने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उत्तराखण्ड के जागरूक नागरिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी से विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने और समावेशी एवं विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखण्ड श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक श्री प्रवीन कुमार, वरिष्ठ उप निदेशक श्री आर.के. बनवारी, आदि उपस्थित रहे।
