हाईस्कूल से स्नातक और तकनीकी योग्यता वाले युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर, करियर काउंसलिंग सेमिनार भी होगा आयोजित।
कोटद्वार:- उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से आगामी 1 दिसंबर को कोटद्वार में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित होगा, जिसमें 40 से अधिक निजी कंपनियां प्रतिभाग कर युवाओं को नौकरी के अवसर प्रदान करेंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस रोजगार मेले में विनिर्माण क्षेत्र, सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), होटल एवं हॉस्पिटैलिटी, रिटेल और मॉल सहित विभिन्न निजी क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर अपनी आवश्यकतानुसार चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, स्नातक एवं परास्नातक के साथ तकनीकी और गैर-तकनीकी योग्यता रखने वाले युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। इसमें केवल उत्तराखंड के मूल निवासी युवा ही शामिल हो पाएंगे। युवाओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी देने और भविष्य की दिशा तय करने में मदद के लिए करियर काउंसलिंग सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा।
ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा:- रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। आगामी एक-दो दिनों में पंजीकरण लिंक, क्यूआर कोड और प्रतिभाग करने वाली कंपनियों का विवरण आधिकारिक रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया जाएगा। इच्छुक युवा www.rojgarprayag.uk.gov.in पर जाकर पंजीकरण और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने अभ्यर्थियों को अपने साथ अपडेटेड बायोडाटा, शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज लाने की सलाह दी है।
