11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।
देहरादून:- जनपद में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (SSR) के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 12,28,746 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। पुनरीक्षण अभियान के दौरान 35,883 नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं, जबकि 1,934 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची पर 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं, 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति को लेकर मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा एवं पहली बार मतदान करने के योग्य युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई है।
उन्होंने बताया कि 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक चले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान कुल 35,883 नए मतदाता पंजीकृत हुए। इनमें 16,316 पुरुष, 19,563 महिलाएं और 4 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं, 961 पुरुष, 969 महिला और 4 ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,934 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 से पहले जनपद में कुल 11,94,797 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण के बाद 12 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में 6,32,396 पुरुष, 5,96,300 महिला और 50 ट्रांसजेंडर सहित कुल 12,28,746 मतदाता दर्ज हैं।
इसके अतिरिक्त जनपद की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 9,263 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं। इनमें 8,776 पुरुष और 487 महिला मतदाता शामिल हैं।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची पर 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
123 ईवीएम मशीनों से मतदाताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण:- बैठक में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने पर भी चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में एफएलसी के बाद 123 ईवीएम मशीनें भेजी गई हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ने की अपील की, ताकि मतदाता मतदान प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझ सकें।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित भाजपा के अरविंद जैन, सीपीआई (एम) के अनंत आकाश, बसपा के एसपी गौतम, केपी सिंह, सत्येन्द्र सिंह तथा आम आदमी पार्टी के कमल राणा एवं उपेन्द्र सिंह राणा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
