पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन: CM धामी ने महिलाओं को दी बड़ी सौगात, ₹149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास।

चमोली:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

सम्मेलन स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा और मथानी से दही मथकर पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक जीवनशैली से अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया है। साथ ही समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने बैणी-भुली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित:- कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, स्वरोजगार, कृषि, पशुपालन, खेल, प्राकृतिक खेती और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा मौन पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी तथा प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मानित किया गया। कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को सम्मान मिला। खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया।

हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए तथा मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार प्रदान किया।

₹149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं की सौगात:-मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद में कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा की।

कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष पीपलकोटी आरती नवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!