टिहरी गढ़वाल:- आगामी निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से टिहरी गढ़वाल जिला निर्वाचन कार्यालय ने ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने दो मोबाइल जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर फील्ड के लिए रवाना किया।
इन जागरूकता वैन के साथ मास्टर ट्रेनर भी तैनात किए गए हैं, जो जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को ईवीएम मशीन की कार्यप्रणाली, संचालन और मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देंगे। प्रत्येक वैन को प्रतिदिन कम से कम तीन स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य दिया गया है। प्रत्येक स्थान पर 20 से 30 लोगों को ईवीएम के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इस दौरान लोगों की जिज्ञासाओं और सवालों का समाधान भी किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों का विवरण प्रतिदिन रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि दोनों जागरूकता वैन जनपद के सभी मतदान केंद्रों एवं बूथों तक पहुंचकर आमजन को ईवीएम की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझाना जरूरी है कि ईवीएम मशीन किस प्रकार काम करती है और इसके माध्यम से मतदान की प्रक्रिया कैसे पूरी होती है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान से मतदाताओं की शंकाओं और जिज्ञासाओं का समाधान होगा तथा ईवीएम को लेकर फैलने वाली भ्रांतियों एवं भ्रामक सूचनाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक स्थान पर लोगों को सरल और स्पष्ट भाषा में ईवीएम की जानकारी दें तथा उनकी सभी शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं सहभागी मतदाता ही निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय निर्वाचन प्रक्रिया का मजबूत आधार हैं।
