गल्जवाड़ी में 92 लाख के सामुदायिक भवन का निर्माण ठप, अवैध कब्जों पर कार्रवाई नहीं होने से उक्रांद ने उठाए सवाल।

देहरादून:-उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (उक्रांद) महानगर देहरादून ने ग्राम पंचायत गल्जवाड़ी में सामुदायिक भवन निर्माण में देरी और कथित अवैध कब्जों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर प्रशासन तथा क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

उक्रांद महानगर अध्यक्ष प्रबीन चन्द रमोला ने कहा कि गल्जवाड़ी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए करीब एक वर्ष पूर्व 92 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। विधिवत भूमि पूजन भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व निर्धारित निर्माण स्थल को बदलकर अन्य स्थान पर भवन बनाने का प्रयास किया जा रहा है। दल ने इस पूरे मामले में मंत्री गणेश जोशी के कथित हस्तक्षेप की आशंका जताते हुए जवाब मांगा है।

वहीं, महानगर मंत्री अजय सिंह ने गल्जवाड़ी में कथित अवैध कब्जों का मामला उठाते हुए कहा कि जिलाधिकारी स्तर पर जांच, एसडीएम की ओर से नोटिस और शासन स्तर से ध्वस्तीकरण के आदेश जारी होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उक्रांद ने आरोप लगाया कि राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते प्रशासन कार्रवाई करने से बच रहा है।

दल ने सवाल किया कि जब सामुदायिक भवन के लिए बजट स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो रहा और दूसरी ओर ध्वस्तीकरण के आदेशों के बाद भी कथित अवैध कब्जों पर कार्रवाई नहीं हो रही, तो आखिर प्रशासन किसके दबाव में काम कर रहा है?

उक्रांद ने मांग की है कि सामुदायिक भवन का निर्माण पूर्व निर्धारित स्थल पर तत्काल शुरू कराया जाए और शासन के आदेशों के अनुरूप कथित अवैध कब्जों पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से पूरे मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

दल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर महानगर मंत्री मनोज भट्ट, महानगर संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह, संदीप रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!