गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गोविंदनगर में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने मत्था टेककर लिया गुरु महाराज का आशीर्वाद।
देहरादून:- गुरु नानक देव जी महाराज के प्रथम प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर को गुरुद्वारा गोविंदनगर, रेसकोर्स में भव्य एवं श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी एवं सिख समुदाय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, सेवा, समानता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जब सिख समुदाय के प्रतिष्ठित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ की उपाधि से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन दर्शन मानवता की सेवा, समानता, प्रेम और निःस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता है। उनकी शिक्षाएं समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने का मार्ग दिखाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया। श्रद्धालुओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न रोजगारपरक और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं से संबंधित ब्रोशर वितरित कर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के सचिव बरकत अली, संजय रावत, दीपा, शमा, प्रतीक, कमल सिंह, प्रमोद सहित सिख समुदाय के गणमान्य व्यक्ति, विभागीय प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
