नवनियुक्त अधिकारियों को दी जनसेवा की सीख, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से जनसमस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश
देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने 36 चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा में किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन में राजस्व अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आपदा से हुई क्षति का सही और समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत जल्द पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सभी अधिकारी किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली में शामिल करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं की मेहनत और भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उनके अनुसार, पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने की भावना से कार्य करना चाहिए। विशेष रूप से उन लोगों के प्रति संवेदनशील रहने की आवश्यकता है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही है।
कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
