हरिपुर कला के राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों के पद स्वीकृत कराने की मांग, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन।
ऋषिकेश:-ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर कला स्थित स्वामी सत्यमित्रानंद राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी का मुद्दा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उठाया है। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर विद्यालय में विभिन्न विषयों के शिक्षकों के पद स्वीकृत करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि हरिपुर कला की आबादी लगभग 30 से 35 हजार है। इतनी बड़ी आबादी वाले क्षेत्र में केवल एक राजकीय इंटर कॉलेज संचालित है, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इसके बावजूद विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों के पद स्वीकृत नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में हिंदी और समाजशास्त्र विषय संचालित होने के बावजूद इनके अध्यापकों के पद स्वीकृत नहीं हैं। इसके अलावा भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की भी कमी है। इसके चलते विद्यार्थियों को इन विषयों की पढ़ाई के लिए दूसरे विद्यालयों का रुख करना पड़ता है।
विधायक ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का मूल अधिकार है और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने जनहित और विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए विद्यालय में हिंदी, समाजशास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं गणित सहित आवश्यक विषयों के शिक्षकों के पद शीघ्र स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
मामले में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा सचिव ज्योति यादव को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
