देहरादून:- उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण, हाईटेक और वोल्वो बसों में अब मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए भी सीट आरक्षित रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। निगम मुख्यालय की ओर से 13 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में निगम की साधारण बसों में सीट संख्या 1, 2 और 3 को माननीय सांसदों, विधायकों एवं दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए थे। अब इसी व्यवस्था के तहत मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी आरक्षित सीट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
यह आदेश उत्तराखण्डी मूल निवासी पत्रकार एसोसिएशन, माजरी माफी की ओर से किए गए अनुरोध के बाद जारी किया गया है। एसोसिएशन ने निगम मुख्यालय को पत्र भेजकर मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए बसों में सीट आरक्षित करने की मांग उठाई थी।
उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने मंडलीय प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निगम की साधारण, हाईटेक और वोल्वो बसों में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आने पर उनके लिए सीट रिक्त रखी जाए।
इस आदेश के बाद प्रदेशभर के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को परिवहन निगम की बसों में यात्रा के दौरान राहत मिलने की उम्मीद है।
