तपोवन की जनता की आवाज! खेल मैदान से नशे और पार्किंग तक, वर्षों से लंबित समस्याओं पर राजेश बहुगुणा ने उठाए सवाल
टिहरी/तपोवन। पर्यटन, योग और अध्यात्म के लिए विश्वभर में पहचान रखने वाले तपोवन क्षेत्र की बुनियादी समस्याएं अब शासन के उच्च स्तर तक पहुंचाने की तैयारी है। क्षेत्र में खेल मैदान की कमी, सरकारी भूमि का संरक्षण, नशे का बढ़ता प्रभाव, पार्किंग और जाम की समस्या, शिक्षा एवं रोजगार के सीमित अवसर और विकास कार्यों में विभागीय समन्वय का अभाव जैसे मुद्दों को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं शिक्षाविद् राजेश बहुगुणा ने सरकार और प्रशासन से गंभीर हस्तक्षेप की मांग की है।
तपोवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजेश बहुगुणा ने कहा कि क्षेत्र की समस्याएं आज की नहीं हैं। वर्ष 2011 से वह लगातार स्थानीय लोगों के हितों से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभागों, नगर पंचायत, जिला प्रशासन और शासन के समक्ष उठाते आ रहे हैं। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि अब इन सभी विषयों को एक व्यवस्थित मांग-पत्र के माध्यम से सरकार के उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय हो और समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
बच्चों के भविष्य के लिए खेल मैदान की मांग:- तपोवन में बढ़ती आबादी और बच्चों एवं युवाओं की जरूरतों को देखते हुए खेल मैदान की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। बहुगुणा ने लैमन ट्री पुलिया के समीप अथवा नीम बीच के पास उपलब्ध भूमि को खेल मैदान के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत, वन विभाग और राजस्व विभाग आपसी समन्वय से भूमि की स्थिति स्पष्ट कर इस दिशा में पहल करें।
सरकारी जमीन का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता बने:- उन्होंने क्षेत्र की खाली एवं सरकारी भूमि का संयुक्त सर्वे कराने की मांग की। उनका कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से बचाकर खेल मैदान, पार्क और अन्य जनहित के विकास कार्यों के लिए सुरक्षित किया जाना चाहिए। इसके लिए नगर पंचायत, राजस्व और वन विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करनी चाहिए।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई जरूरी:- तपोवन में मादक पदार्थों के कथित बढ़ते कारोबार पर चिंता जताते हुए उन्होंने पुलिस और प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि योग और अध्यात्म की पहचान रखने वाले क्षेत्र में युवाओं को नशे से बचाना सामाजिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर प्राथमिकता होनी चाहिए।
पलायन रोकने के लिए शिक्षा और रोजगार पर ध्यान दे सरकार:- बहुगुणा ने कहा कि स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। इसके कारण उन्हें दूसरे शहरों की ओर जाना पड़ता है। सरकार को तपोवन और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़े अवसर विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
पार्किंग और जाम से पर्यटन की छवि भी प्रभावित:- तपोवन में लगातार बढ़ती पर्यटक गतिविधियों के बीच पार्किंग की समस्या गंभीर होती जा रही है। जाम के कारण स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से क्षेत्र की जरूरत के अनुसार व्यवस्थित पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन की योजना तैयार करने की मांग की।
विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की मांग:- उन्होंने विकास प्राधिकरण से स्थानीय नागरिकों के साथ समान और पारदर्शी व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की। पुराने मकानों की मरम्मत में आ रही परेशानियों और नियमों के विपरीत निर्माण की शिकायतों पर निष्पक्ष जांच एवं समान नियमों के आधार पर कार्रवाई की आवश्यकता जताई।
तपोवन की आध्यात्मिक पहचान का संरक्षण भी जरूरी:- बहुगुणा ने कहा कि तपोवन केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि योग, अध्यात्म और धार्मिक परंपराओं की महत्वपूर्ण पहचान भी रखता है। ऐसे में विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मर्यादा बनाए रखना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
भाजपा कार्यकर्ता हूं, लेकिन जनहित सर्वोपरि:- राजेश बहुगुणा ने स्पष्ट कहा कि वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं, लेकिन जनहित के मुद्दों पर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की अच्छी योजनाओं और कार्यों का स्वागत किया जाएगा, लेकिन स्थानीय जनता की समस्याओं की अनदेखी होने पर आवाज भी उठाई जाएगी।
बहुगुणा ने संकेत दिया कि क्षेत्र की सभी प्रमुख समस्याओं को संकलित कर संबंधित अधिकारियों और प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो स्थानीय जनता के साथ धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।
सवाल सिर्फ तपोवन का नहीं, बल्कि वहां रहने वाले बच्चों, युवाओं, स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों के भविष्य का है। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इन मांगों पर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है।
