महिला आरक्षण को लेकर केंद्र की पहल सराहनीय, महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मिलेगी नई मजबूती : कुसुम कंडवाल।
देहरादून/ऋषिकेश। महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार की पहल का उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल ने स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक प्रभावी भागीदारी दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
श्रीमती कंडवाल ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिला नेतृत्व को नई मजबूती प्रदान करेगा। इससे महिलाओं को नीति निर्माण, कानून निर्माण और देश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में अपनी भूमिका निभाने के अधिक अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र अधिक समावेशी और संवेदनशील बनेगा। देश की महिलाएं लंबे समय से राजनीति और निर्णय प्रक्रिया में अधिक प्रतिनिधित्व की अपेक्षा रखती रही हैं। ऐसे में महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदम स्वागतयोग्य हैं।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं की क्षमताओं और उनके योगदान को उचित सम्मान मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होती हैं।
उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला है। शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, सामाजिक नेतृत्व और राजनीतिक प्रतिनिधित्व सहित प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से कार्य कर रही है। इन प्रयासों से राज्य की महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।
अंत में कुसुम कंडवाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि महिलाओं को समान अवसर, सम्मान, सुरक्षा और निर्णय प्रक्रिया में उचित भागीदारी देने का संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाएं अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, प्रतिभा और सामर्थ्य के बल पर आत्मनिर्भर उत्तराखंड एवं सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेंगी।
