देहरादून:-हरिद्वार कुंभ-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 45 दिवसीय नेत्र महाशिविर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून के सभागार में आयोजित नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर इस सेवा अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नेत्र कुंभ मानव सेवा, परोपकार और सामाजिक सहभागिता की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार कुंभ-2027 के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख निःशुल्क चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने आयोजन से जुड़ी संस्था ‘सक्षम’ और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए आश्वस्त किया कि अभियान की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और परोपकार का भी संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुंभ इसी भावना को धरातल पर उतारने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि आज भी आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण अनेक लोग समय पर अपनी आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना अत्यंत सराहनीय पहल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस तरह के आयोजन किए गए। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के नेत्र ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाला आयोजन इस सेवा अभियान को और व्यापक स्वरूप प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात, पैदल आवागमन और बेहतर व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ के इस सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
