देहरादून:- क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी मालविका प्रियदर्शनी ने विदेश में रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक युवाओं एवं नागरिकों से फर्जी एजेंटों, अवैध भर्ती एजेंसियों और फर्जी रोजगार प्रस्तावों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विदेश में रोजगार के लिए हमेशा सुरक्षित एवं वैधानिक माध्यमों का ही उपयोग किया जाए, ताकि ठगी से बचा जा सके।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि विदेश मंत्रालय द्वारा ‘विदेशी रोजगार (वर्क वीजा, वर्क परमिट आदि) के अवसर तलाशते समय धोखाधड़ी से बचें’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पात्र अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं वैधानिक माध्यमों से विदेश में रोजगार प्राप्त करने के लिए जागरूक करना है।

उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यालयों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि विदेश में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की ठगी का शिकार न हों और वैध प्रक्रिया के माध्यम से विदेश जा सकें।

उन्होंने अभ्यर्थियों से www.emigrate.gov.in (ई-माइग्रेट पोर्टल) पर लॉगिन कर पासपोर्ट एवं वीजा संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा ऑनलाइन पंजीकरण एवं वैध रिक्रूटमेंट माध्यमों से ही रोजगार सेवाएं लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि विदेश जाने से पहले रोजगारदाता, भर्ती एजेंट और वीजा संबंधी दस्तावेजों की वैधता की जांच अवश्य की जाए।

उन्होंने बताया कि ECR श्रेणी के पासपोर्ट धारकों को निर्धारित ECR देशों में रोजगार के लिए Protector of Emigrants (POE) से आवश्यक क्लीयरेंस प्राप्त करना अनिवार्य है। विदेश में रोजगार से संबंधित किसी समस्या की स्थिति में ई-माइग्रेशन पोर्टल के माध्यम से सहायता एवं शिकायत निवारण की सुविधा भी उपलब्ध है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि विदेश मंत्रालय द्वारा वीजा संबंधी सेवाओं, सुरक्षित एवं वैध रोजगार से जुड़े हितधारकों के अधिकारों की सुरक्षा, ऑनलाइन पंजीकरण, शिकायत निवारण एवं आवश्यक सूचनाओं के माध्यम से नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने विदेश यात्रा से पूर्व यात्रा पंजीकरण कराने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं पासपोर्ट कार्यालय के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड के युवाओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से विदेश में वैध रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सकता है। इसके लिए संबंधित विभागों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।

सहायता के लिए संपर्क:
प्रवासी भवन, देहरादून — टोल फ्री: 1800-11-3090
एमएसए हेल्पलाइन — 7428321144
ई-मेल — helpline@emsa.gov.in

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!