ज्योतिर्मठ:- श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अंतर्गत ज्योतिर्मठ के निकट चांई गांव में स्थित माता वेदवती की तपस्थली प्राचीन सीता माता मंदिर के पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य का सोमवार को शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजा-अर्चना और भूमि पूजन के साथ शिलान्यास किया गया। बीकेटीसी ने मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए दानीदाता दिनेश गोयल परिवार का आभार जताया।

कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बीकेटीसी के प्रतिनिधि श्री बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुए। इससे पूर्व ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में दर्शन करने से पहले उन्होंने बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना। उन्होंने कर्मचारियों से वार्ता और समाधान की प्रक्रिया पर विश्वास रखते हुए अपना धरना स्थगित करने की अपील की।

इससे पहले रविवार को उन्होंने शंकराचार्य स्वामी श्री वासुदेवानंद सरस्वती महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा रविग्राम सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित रामलीला में भी प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सलाहकार माधव सेमवाल, सदस्य राकेश भंडारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार, नीरज कौशिक, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश कपरवाण, चांई ग्राम प्रधान शंकरलाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष रीता राणा और कर्मचारी संघ अध्यक्ष विजेंद्र बिष्ट सहित मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी एवं चांई गांव के श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!