यमकेश्वर में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर।
यमकेश्वर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, यमकेश्वर द्वारा न्याय पंचायत बनचुरी में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद डबराल रहे, जबकि अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, यमकेश्वर के अध्यक्ष अनिल रतूड़ी ने की।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन, बूथ कांग्रेस कमेटियों के गठन तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं से सुझाव प्राप्त किए गए और संगठन विस्तार की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य अतिथि विनोद डबराल ने कहा कि मजबूत संगठन ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनिल रतूड़ी ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में उपस्थित: तीरथ सिंह (पूर्व प्रधान, बगोड़गाँव), हरीश लखेड़ा, गंगा देवी (पूर्व प्रधान, सार), रामस्वरूप, चंद्र सिंह, राम चंद्र सिंह, पवन कुमार, नथी प्रसाद जोशी, सुमन जोशी, ध्यान पाल, सुरेंद्र सिंह, हेमंत लखेड़ा, बालकृष्ण, पुनीत कुमार, महेंद्र सिंह (पूर्व बीडीसी, डांगी) सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
