मुनिकीरेती:- नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुनिकीरेती आगमन के दौरान ढालवाला मुख्य मार्ग से चीनी गोदाम तक क्षतिग्रस्त एवं बदहाल सड़क के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग रखी।

मांग पर जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर प्रशासन एवं राजस्व विभाग की टीम को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा गया। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, प्रशासन एवं राजस्व विभाग की टीम तथा स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने फोन पर पालिका अध्यक्ष को आश्वासन दिया कि उक्त सड़क निर्माण कार्य के लिए जल्द ही जीओ (शासनादेश) जारी कर कार्य शुरू कराया जाएगा।

पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बताया कि बीते वर्ष नरेंद्रनगर में आयोजित मां कुंजापुरी मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ढालवाला मुख्य मार्ग से चीनी गोदाम तक सड़क निर्माण की घोषणा की थी। हालांकि काफी समय बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।

उन्होंने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को प्रतिदिन धूल-मिट्टी और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन के आश्वासन के बाद जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होगा और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!