सेफ्टी ऑडिट और क्राउड मैनेजमेंट को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
टिहरी गढ़वाल:- आगामी कुंजापुरी मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल और एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने मेला स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने झंडारोहण स्थल, झांकियों के लिए निर्धारित स्थान, स्टॉल लगाने वाले स्थान सहित मेले से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पुलिस, फायर और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम गठित कर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए, ताकि मेले से पहले सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।
उन्होंने पुलिस विभाग को मेले के दौरान क्राउड मैनेजमेंट की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रवेश और निकास मार्गों, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया, ताकि भीड़ के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले की तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल, सीओ नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
