राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में 51 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास। WWW.JANSWAR.COM

ऋषिकेश में ₹219.29 करोड़ की 51 विकास योजनाओं की सौगात, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण-शिलान्यास।

ऋषिकेश। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रम के दौरान जनपद देहरादून को ₹219.29 करोड़ की 51 विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर ₹172.78 करोड़ की लागत वाली 38 विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹46.50 करोड़ की 13 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से देहरादून जनपद में सड़क, पुल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, शिक्षा, पशुपालन, पर्यटन और शहरी आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सड़क एवं पुल निर्माण परियोजनाओं को मिली गति:- शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में सहसपुर, मसूरी, डोईवाला, रायपुर और धर्मपुर क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइल्स से सड़क निर्माण एवं आंतरिक मार्गों के सुधारीकरण के कई कार्य शामिल हैं। इसके अलावा न्यू कैंट रोड पर दो नए आरसीसी एवं पीएससी गर्डर पुलों के निर्माण, विलासपुर एनक्लेव सड़क, सालावाला क्षेत्र के मार्गों एवं नालियों के निर्माण, आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण तथा आईएसबीटी देहरादून के सुदृढ़ीकरण एवं उच्चीकरण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
सिंचाई और बाढ़ सुरक्षा पर विशेष जोर:-

कार्यक्रम में विभिन्न नदियों एवं नहरों के पुनरोद्धार, बाढ़ सुरक्षा दीवारों के निर्माण तथा सिंचाई परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई। सुसवा, दुल्हनी, सौंग, टौंस और नून नदी क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्य, बुल्लावाला, छिद्रवाला, मियांवाला एवं अन्य नहरों के पुनरोद्धार, पाइप नहर निर्माण तथा जल वितरण प्रणाली के विकास से संबंधित कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

शिक्षा, पशुपालन और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा:- सरकार ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बद्रीपुर के पुनर्निर्माण, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अजबपुरकलां में भवन निर्माण, निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए दो गौशालाओं के निर्माण तथा उत्तराखण्ड औद्यानिक एकीकृत विकास सोसायटी के पीएमयू कार्यालय भवन के निर्माण का भी शिलान्यास किया। इसके अलावा मसूरी डायवर्जन से लाइब्रेरी चौक तक एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना और झड़ीपानी ट्रैक के सौंदर्यीकरण का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
13 परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण:- मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल ने ₹46.50 करोड़ की लागत वाली 13 पूर्ण हो चुकी विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें रायपुर और डोईवाला क्षेत्रों में सड़क निर्माण, बड़े पशुओं के लिए अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय, सुद्धोवाला कारागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा, मियांवाला नहर निर्माण, धारकोट-लड़वाकोट मोटर मार्ग का उन्नयन, हरिपुर कालसी स्नान घाट, बालासुंदरी कैनाल रोड पार्क, मियांवाला पार्क, जोहड़ी पार्क तथा गौरा देवी पार्क एवं कृत्रिम झील के सौंदर्यीकरण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

इन विकास परियोजनाओं के माध्यम से देहरादून जनपद में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत बनाने, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।