रुद्रप्रयाग: विशेष मानसिक दिव्यांग शिविर में 52 लाभार्थियों को मिले दिव्यांगता प्रमाण पत्र। WWW.JANSWAR.COM

रुद्रप्रयाग में विशेष मानसिक दिव्यांग शिविर आयोजित, 52 लाभार्थियों को मिले दिव्यांगता प्रमाण पत्र।

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार जनपद में मानसिक दिव्यांगजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं प्रमाणन सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, रुद्रप्रयाग में विशेष मानसिक दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा किया गया।

शिविर में वीर चंद्रसिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज से पहुंचे मानसिक रोग विशेषज्ञों की टीम ने जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए मानसिक दिव्यांगजनों का विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण एवं मूल्यांकन किया। निर्धारित मानकों के अनुसार जांच के उपरांत कुल 52 पात्र मानसिक दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए।

इन प्रमाण पत्रों के माध्यम से लाभार्थियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, दिव्यांग पेंशन, उपचार, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

शिविर में विशेषज्ञ सेवाएं डॉ. पार्थ दत्ता, डॉ. नितिन सिंह एवं डॉ. केशव मित्तल ने प्रदान कीं। वहीं जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग से नरेन्द्र रावत और नागेश्वर बगवाड़ी ने स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।

समाज कल्याण विभाग की ओर से अरविन्द कुमार, कुलभूषण बमोला तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के अध्यक्ष बृजमोहन नेगी ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांग सशक्तिकरण संस्थान से मेहुल गुप्ता, अनुष्का जोशी, ईशिता तथा उत्कर्ष राय ने भी शिविर में तकनीकी एवं व्यवस्थागत सहयोग प्रदान किया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा ने बताया कि ऐसे विशेष शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को जनपद स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग भविष्य में भी ऐसे शिविरों का नियमित आयोजन कर अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।