🕯️ भावभीनी श्रद्धांजलि 🕯️आज टिहरी पुलिस परिवार ने अपने एक समर्पित, कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ साथी को असमय खो दिया।
टिहरी:- दिनांक 02 अगस्त 1973 को जन्मे दिवंगत उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा ने भारतीय सेना में गौरवपूर्ण सेवाएं देने के उपरांत वर्ष 2016 में उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर नियुक्ति प्राप्त की। अपने अनुशासन, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर उन्होंने पुलिस विभाग में भी एक विशिष्ट पहचान बनाई। वर्ष 2023 में उन्हें सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया।
वर्ष 2017 से लगातार जनपद टिहरी गढ़वाल में तैनात रहकर उन्होंने जनसेवा, कानून-व्यवस्था एवं पुलिस दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल स्वभाव, कर्तव्यपरायणता तथा सहयोगी व्यवहार उन्हें सहकर्मियों एवं आमजन के बीच सदैव सम्मान का पात्र बनाता रहा।
अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि दिनांक 23 जून 2026 को कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई एक दुःखद सड़क दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया। यह समाचार सम्पूर्ण टिहरी पुलिस परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक एवं अपूरणीय क्षति है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे सहित समस्त टिहरी पुलिस परिवार दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति। 🙏💐
