विकास कार्यों की समयबद्धता और जन शिकायतों का त्वरित समाधान होगा: आकांक्षा कोण्डे.

बागेश्वर:- आईएएस आकांक्षा कोण्डे ने आज बागेश्वर जिले की 21वीं जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने जिलाधिकारी पद संभालते ही विकास कार्यों की समयबद्धता और जन शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
जिला सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कोण्डे
ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पर्यटन क्षेत्र उनकी मुख्य प्राथमिकताएं रहेंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव को सड़क से जोड़ने और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी। जिलाधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत कार्य कर निवासियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या का समाधान और पार्किंग सुविधाओं का विस्तार भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जिलाधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने स्पष्ट किया कि वह स्वयं सभी प्रमुख परियोजनाओं की निगरानी करेंगी। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में आश्वासन दिया कि जिले का कोई भी विद्यालय शिक्षक विहीन नहीं रहेगा। क्लस्टर विद्यालयों के निर्माण और शिक्षण गुणवत्ता में तेजी लाई जाएगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने सभी चिकित्सालयों में पर्याप्त चिकित्सक और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, 108 एम्बुलेंस सेवा को मजबूत करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना बताई।
कार्यभार ग्रहण करने से पहले जिलाधिकारी ने कोषागार का निरीक्षण किया और डबल लॉक की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हों। इस अवसर पर सीडीओ आरसी तिवारी और एडीएम एएस नबियाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!