देहरादून:-  मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव में प्रतिभाग कर पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए प्रदेश में तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने तथा पत्रकार पेंशन की राशि में वृद्धि करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज तथा सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही आमजन की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में सहायक होते हैं। मुख्यमंत्री ने देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकार पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और नई तकनीकों के कारण पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। ऐसे समय में फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाएं बड़ी चुनौती हैं। इसलिए तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष, सटीक एवं विश्वसनीय जानकारी जनता तक पहुंचाना पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता एवं आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और उनकी सामाजिक सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पत्रकार पेंशन में पूर्व में भी वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गई है। सरकार का प्रयास है कि पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। पत्रकारों के कल्याण एवं उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सरकार भविष्य में भी सकारात्मक कदम उठाती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में पत्रकारों के रचनात्मक सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में पत्रकारों के सुझाव और सहयोग की अहम भूमिका रहेगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री अजय सिंह राणा, महामंत्री श्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष श्री मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!