जनसुनवाई में सीडीओ ने सुनीं 56 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश।

टिहरी गढ़वाल, 05 अक्टूबर: मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, मुआवजा सहित विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं। सीडीओ ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकासखंड चंबा के ग्राम क्यारी मखलोगी निवासी भोला दत्त बिजल्वाण ने गांव में भालू के खतरे, सौर ऊर्जा की लाइट लगाने तथा 70 मीटर क्षतिग्रस्त पैदल रास्ते की मरम्मत कराने की मांग की। इस पर वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

विकासखंड थौलधार के ग्राम कंडीसौड़ निवासी ममता देवी ने पेंशन एवं रोजगार दिलाने तथा घर के आंगन में स्थापित विद्युत पोल हटाने की मांग की। इस पर जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर विधवा पेंशन स्वीकृत कराने एवं स्वयं सहायता समूह से जोड़ने तथा विद्युत विभाग को विद्युत पोल की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए।

चंबा की ग्राम गुल्डी निवासी पिंकी देवी ने अपने राशन कार्ड और गैस कनेक्शन को ससुराल पक्ष से अलग कराने की मांग की। इस पर पूर्ति विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

प्रतापनगर निवासी लक्ष्मी प्रसाद ने रावत गांव के विद्यालय का रास्ता आपदा में क्षतिग्रस्त होने के कारण छात्रों को आवागमन में हो रही परेशानी की शिकायत की। इस पर शिक्षा विभाग को प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

विकासखंड थौलधार के ग्राम क्यूलागी निवासी धूरत सिंह सजवाण ने ठांगधार-कौड़िया-इको पार्क कौड़िया रोड पर पूर्व की भांति पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की मांग की। इस पर वन विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

विकासखंड थौलधार के ग्राम महरगांव निवासी रघुवीर सिंह कठैत ने आराकोट-वाल्काखाल मोटर मार्ग का डामरीकरण कराने तथा बड़े-बड़े बोल्डरों से मकानों को हो रहे खतरे एवं क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की समस्या उठाई। इस पर अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता एवं समयबद्धता से निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान सीएमओ डॉ. राम प्रकाश सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!