जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनीं 59 जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।

नई टिहरी। जिला सभागार, नई टिहरी में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 59 शिकायतें प्राप्त हुईं, जो पेयजल, ग्राम पंचायत, विद्युत, वन विभाग समेत विभिन्न विभागों से संबंधित थीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।

जनता दरबार के साथ ही सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए और शेष मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बरसात के मौसम को देखते हुए गंदा पेयजल आने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने जल निगम और जल संस्थान के अभियंताओं को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा दीवार और अन्य आवश्यक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में चम्बा निवासी सब्बल सिंह चौहान ने नगर पालिका की नाली का पानी वर्षों से दुकान में घुसने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर नगर पालिका चम्बा के अधिशासी अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

धनोल्टी के सकलाना क्षेत्र के ग्राम दड़क निवासी वृद्ध मूल्या सिंह उर्फ धरम सिंह ने अपनी भूमि पालन-पोषण की शर्त पर भतीजे को देने के बावजूद देखभाल न किए जाने और विवाद की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम धनोल्टी को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

देवप्रयाग तहसील के रामपुर निवासी राजकिशोर ध्यानी ने कोटली भेल परियोजना के लिए वर्ष 2010 में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा अब तक न मिलने की शिकायत की। इस पर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलएओ) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा क्षेत्र समिति सदस्य अरविन्द सजवाण द्वारा हैंडपंप लगाने की मांग पर जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बौराड़ी स्टेडियम में प्रस्तावित बैडमिंटन कोर्ट को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग पर खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी को संबंधित पक्षों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर उसी शाम रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!