देहरादून:- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने आज सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर 8 से 10 अक्टूबर तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। प्री-एसआईआर एवं एसआईआर अभियान के तहत एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा तथा पात्र मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर चिन्हित पात्र मतदाताओं को फॉर्म-6 उपलब्ध कराएंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी जनपदों को निर्देश दिए गए हैं कि इस अभियान में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तथा बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का प्री-एसआईआर से पहले की सूची से मिलान करेंगे। ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम एसआईआर से पहले की सूची में शामिल थे, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में नहीं हैं। बीएलओ चिन्हित मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति का पता लगाएंगे और पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विधिवत फॉर्म-6 भरवाने में सहायता करेंगे।

बीएलओ घर-घर भ्रमण के दौरान यह भी सुनिश्चित करेंगे कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर मतदाता बनने के पात्र व्यक्तियों के भी फॉर्म-6 भरे जाएं। बीएलओ इस सूची को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स के साथ साझा करेंगे। प्रक्रिया के अंतिम चरण में ईआरओ बूथवार सूची राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा करेंगे, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने का एक और अवसर मिल सके।

प्रेस कॉफ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तूदास उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!