कांवड़ मेला: डीएम नितिका खंडेलवाल ने मुनिकीरेती-तपोवन में तैयारियों का किया निरीक्षण। WWW.JANSWAR.COM

30 जुलाई से शुरू होगा कांवड़ मेला: डीएम नितिका खंडेलवाल ने मुनिकीरेती-तपोवन का किया निरीक्षण, तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश।

मुनिकीरेती/टिहरी:- आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल ने मुनिकीरेती, तपोवन क्षेत्र का निरीक्षण किया और शीघ्र आला अधिकारियों को रुके हुए कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत आयोजित नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला में आयोजित बैठक में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी टिहरी श्वेता चैबे का बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर सभी सम्बन्धित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को रामझूला पुल में 25 जुलाई से आवाजाही बंद करने के निर्देश दिए, साथ ही इस सूचना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने को कहा। यूपीसीएल विभाग के अधिकारियों को खराब विद्युत लाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। खाद्य आपूर्ति विभाग को मेले से पूर्व एवं मेले के दौरान दुकानों व होटलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला एवं नगर पंचायत तपोवन के अधिशासी अधिकारियों को पार्किंग स्थलों में बेहतर साफ-सफाई, रेट लिस्ट चस्पा करने तथा शौचालयों एवं मोबाइल टॉयलेटों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल संस्थान को पीने के पानी तथा शौचालयों में नियमित जलापूर्ति एवं टैंकरों के माध्यम से पर्याप्त व्यवस्था करने के लिए कहा।

वन विभाग के अधिकारियों को पेड़ों पर झूलती तारों वाले स्थानों पर लूपिंग कराने तथा नीर वॉटर फॉल में आवाजाही बंद करने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से स्वास्थ्य चेक पोस्टों की जानकारी लेते हुए पर्याप्त मात्रा में एंटी वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। वहीं एनएच विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मार्गों पर शीघ्र पेचवर्क कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ मेले में महिलाओं हेतु अस्थायी रूप से पिंक टॉयलेट निर्माण के निर्देश दिए गए थे, जिसका निरीक्षण भी किया गया है। उन्होंने बताया कि बैठक में विक्रम यूनियन, ऑटो यूनियन, टैक्सी यूनियन तथा व्यापार मंडल के सदस्यों से ओवर रेटिंग नहीं करने तथा शांतिपूर्ण ढंग से मेले का संचालन कराने का अनुरोध किया गया।

बैठक में उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, सीओ सुरेंद्र भंडारी, प्रभारी मुनिकीरेती थाना प्रदीप चौहान, अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, अधिशासी अधिकारी यशवीर सिंह, सभासद विनोद सकलानी, अधिशासी अभियंता सिंचाई कमल सिंह, सहायक अभियंता दर्मियान सिंह असवाल, अवर अभियंता आशीष कोंडल, अवर अभियंता देवेश अवस्थी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।