पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश।
मुनिकीरेती। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्रान्तर्गत समस्यों के निस्तारण हेतु पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट और सभासदगणों ने विभिन्न विभागों जल संस्थान, पेयजल निगम, सिंचाई विभाग, पुलिस विभाग व विद्युत विभाग के आला अधिकारियों के साथ बोर्ड बैठक आयोजित की।
मंगलवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण व सभासदगणों ने बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों को क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया। इसके बाद माह अप्रैल से जून तक के आय-व्यय के अनुमोदन पर चर्चा की गई। आगामी कांवड़ मेला, कुंभ मेला की तैयारियों व वर्षा ऋतु के दौरान होने वाली आकस्मिक क्षति को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों व लघु निर्माण कार्यों की दरों में होने वाले विचलनों पर भी चर्चा की गई।
मौके पर सभासद मीनू गोडियाल, विनोद खंडूडी, सचिन रस्तोगी, ब्रिजेश गिरी, लक्ष्मण भंडारी, बबीता रमोला, गजेंद्र सिंह सजवाण, स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, विनोद सकलानी, निशा नेगी, सहायक अभियंता पेयजल निगम भूषण सिंह, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग दर्मियान सिंह असवाल, अवर अभियंता विद्युत विभाग देवेश अवस्थी, पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत, अवर अभियंता जल संस्थान प्रमोद हटवाल, प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कृषाली, लेखाकार प्रद्युमन कृषाली, अवर अभियंता सचिन, कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल, लिपिक संजय सिंह, अमित सिंह नेगी, अनुज, आकाश कैंतूरा, प्रकाश अवस्थी, कल्याण सिंह नेगी आदि उपस्थित थे।
पेयजल निगम से सभासदों की शिकायतें:- बोर्ड बैठक में पेयजल निगम के अधिकारियों के समक्ष वार्ड 02 के सभासद विनोद खंडूडी ने एसएसबी कैंप के समीप पेयजल लाइन न बिछाने, वार्ड 03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने गली नंबर 17 में पेयजल लाइन न बिछाने तथा वार्ड 04 के सभासद ब्रिजेश गिरी ने गली नंबर 02, 12, 13 व 17 में पेयजल लाइन न बिछाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की।
इस पर पेयजल निगम के सहायक अभियंता भूषण सिंह ने बताया कि शीशम झाड़ी, मुनिकीरेती में 70 प्रतिशत से अधिक पेयजल लाइन बिछाने का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य की स्वीकृति हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
सिंचाई विभाग से सभासदों की शिकायतें:- बोर्ड बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के समक्ष वार्ड 07 के सभासद गजेंद्र सजवाण ने बताया कि नगर क्षेत्र में सिंचाई विभाग की ओर से बनाए गए नालों के अधिकांश जाले टूट गए हैं या मुड़ गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
वार्ड 10 के सभासद विनोद सकलानी ने बताया कि ढालवाला श्रीदेव सुमन मार्ग में सिंचाई विभाग की ओर से लगाए गए कई जाले क्षतिग्रस्त होने से नालों में मलबा भर रहा है तथा रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
वार्ड 03 के सभासद सचिन रस्तोगी एवं वार्ड 04 के सभासद ब्रिजेश गिरी ने ढालवाला से चंद्रभागा आने वाले नाले के निकासी मार्ग का मुंह चौड़ा किए जाने की मांग की। उनका कहना था कि बरसात के दौरान शीशम झाड़ी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
इस पर पालिकाध्यक्ष ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शीघ्र जालों की मरम्मत कर नालों की सफाई हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग से सभासदों की शिकायतें:- बोर्ड बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों के समक्ष पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बताया कि नगर क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त नहीं हो रही है, जिससे आस्था पथ एवं नगर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर प्रतिदिन रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पालिका की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की बात भी कही।
वार्ड 03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने बताया कि गश्त न होने के कारण नाले वाली रोड पर रात्रि के समय नशेड़ी डेरा जमा लेते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है।
वार्ड 04 के सभासद ब्रिजेश गिरी ने आस्था पथ स्थित पुलिस बूथ में पर्याप्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की मांग की।
वार्ड 07 के सभासद गजेंद्र सिंह सजवाण ने आबादी क्षेत्र में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर आपत्ति जताते हुए पटाखा साइलेंसर वाले दोपहिया वाहनों को सीज करने की मांग की। साथ ही 14 बीघा पुल एवं मंडी क्षेत्र में अवैध रूप से खड़ी ठेलियों व वाहनों पर कार्रवाई की मांग की।
वार्ड 08 की सभासद स्वाति पोखरियाल ने बताया कि आनंद विहार में पुलिस बूथ होने के बावजूद वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं है, जिससे आए दिन जाले चोरी हो रहे हैं।
वार्ड 10 के सभासद विनोद सकलानी ने बाहरी लोगों एवं फेरी व्यवसाय करने वालों का सत्यापन कराने की मांग की।
विद्युत विभाग से सभासदों की शिकायतें:- वार्ड 03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से स्मार्ट मीटर लगाए जाने के संबंध में लोगों को जागरूक करने की मांग की।
वार्ड 10 के सभासद विनोद सकलानी ने बताया कि अधिक वोल्टेज के कारण श्रीदेव सुमन मार्ग एवं बहुगुणा मार्ग, ढालवाला में कई घरों के पंखे, टीवी एवं फ्रिज खराब हो गए हैं।
इस पर अवर अभियंता देवेश अवस्थी ने बताया कि सभी विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड किया जा रहा है। खुले स्थानों पर रखे ट्रांसफार्मरों को भी जल्द स्थानांतरित करने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने इस कार्य में सभी सभासदों से सहयोग की अपील की।
बोर्ड बैठक में सभासदों की ओर से रखे गए प्रस्ताव:- वार्ड 02 के सभासद विनोद खंडूडी ने आस्था पथ में क्षतिग्रस्त शौचालय को शीघ्र बंद किए जाने की मांग रखते हुए कहा कि इससे किसी भी समय अनहोनी हो सकती है।
वार्ड 03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने डॉ. पुंडीर से जेठुड़ी के घर तक नाली निर्माण तथा गली नंबर 04 एवं 05 के निर्माण का प्रस्ताव रखा।
वार्ड 04 के सभासद ब्रिजेश गिरी ने शीशम झाड़ी में नई कूड़ा गाड़ी लगाए जाने तथा पालिका में एक सुरक्षा गार्ड की तैनाती की मांग की।
वार्ड 05 के सभासद लक्ष्मण भंडारी ने ऋषिकेश एवं मुनिकीरेती के पुराने सीमा विवाद का शीघ्र निस्तारण किए जाने का प्रस्ताव रखा।
वार्ड 06 की सभासद बबीता रमोला ने नगर क्षेत्र में बढ़ती निराश्रित पशुओं की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें गौशाला भेजने का प्रस्ताव रखा।
वार्ड 07 के सभासद गजेंद्र सजवाण ने 14 बीघा पुल पर फेंसिंग कर सौंदर्यीकरण, 14 बीघा पुल से भैरो मंदिर पंपिंग स्टेशन तक वाहन पार्किंग निर्माण, कंडारी कॉम्प्लेक्स के समीप वाटर कूलर लगाए जाने तथा राज्य आंदोलनकारियों के लिए स्थान चिन्हित किए जाने का प्रस्ताव रखा।
