ओंकारानंद इंस्टीट्यूट में स्टार्टअप इनोवेशन चैलेंज–हैकाथॉन 2026 का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया तकनीकी हुनर।

ऋषिकेश:-ओंकारानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (OIMT), ऋषिकेश में विद्यार्थियों के नवाचार, रचनात्मकता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा रीस्किल (Reskill) प्लेटफॉर्म के अंतर्गत ‘स्टार्टअप इनोवेशन चैलेंज–हैकाथॉन 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न तकनीकी परियोजनाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा और समस्या समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया।

हैकाथॉन के दौरान विभिन्न छात्र टीमों ने समाज एवं दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में मेडमेड केयर (Medmade Care) ने प्रथम, सरप्लस फूड डोनेशन (Surplus Food Donation) ने द्वितीय तथा स्मार्ट अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों के प्रोजेक्ट्स को उनकी उपयोगिता, नवीनता और व्यावहारिक दृष्टिकोण के लिए सराहना मिली।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में कंप्यूटर साइंस विभाग के श्री प्रमोद उनियाल, श्री अनिल राणाकोटी एवं डॉ. प्रदीप पोखरियाल मौजूद रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स का तकनीकी गुणवत्ता, नवाचार, रचनात्मकता, उपयोगिता एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया। साथ ही विद्यार्थियों को अपने विचारों को वास्तविक उत्पाद और व्यावसायिक स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती नूपुर बिजल्वाण, डॉ. सुदीप सारस्वत, सुश्री मनीषा पुंडीर एवं श्रीमती प्रियंका जोशी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर संस्थान की ओर से नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की गई। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी कौशल विकसित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करना और उनमें ‘आइडिया से इनोवेशन और इनोवेशन से स्टार्टअप’ की सोच विकसित करना रहा। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को नए विचारों पर काम करने और समाज के लिए उपयोगी तकनीकी समाधान तैयार करने का मंच प्रदान करते हैं।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!