पेंशन से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर आवेदन से स्वीकृति तक की जा रही मदद।

पौड़ी:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप पौड़ी गढ़वाल में पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विभागीय टीमें घर-घर पहुंचकर ऐसे पात्र लोगों को चिह्नित कर रही हैं, जो जानकारी के अभाव, आवश्यक दस्तावेजों की कमी या ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाने के कारण पेंशन का लाभ नहीं ले पा रहे थे।

अभियान के तहत अब तक 551 पात्र व्यक्तियों के पेंशन आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 397, किसान पेंशन के 49, दिव्यांग पेंशन के 45 तथा निराश्रित विधवा महिला पेंशन के 60 लाभार्थी शामिल हैं।

अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र व्यक्तियों को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और कोई भी जरूरतमंद जानकारी या आवेदन संबंधी कठिनाइयों के कारण योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर छूटे हुए पात्र लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही आवश्यक दस्तावेज जुटाने, ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन और स्वीकृति की प्रक्रिया में भी सहायता प्रदान की जा रही है।

जिलाधिकारी ने जुलाई माह में आयोजित बैठक के दौरान समाज कल्याण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि पेंशन योजनाओं का लाभ देने के लिए केवल आवेदनों की प्रतीक्षा न की जाए, बल्कि स्वयं पहल करते हुए पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनके आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। विशेष रूप से ऐसे लोगों पर ध्यान देने को कहा गया, जो किसी कारणवश स्वयं आवेदन करने में असमर्थ हैं। अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी भी की जा रही है।

अभियान के अंतर्गत ग्राम विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, राजस्व उपनिरीक्षकों एवं अन्य संबंधित कार्मिकों के सहयोग से घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों को चिह्नित किया गया। इसके बाद सहायक समाज कल्याण अधिकारियों के माध्यम से आवेदन कराए गए। आवश्यक दस्तावेजों की जांच, पात्रता सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी ने आवेदनों को अंतिम स्वीकृति प्रदान की।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि पेंशन संतृप्तिकरण अभियान के तहत चिह्नित सभी 551 पात्र व्यक्तियों के आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वय से पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घर-घर अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखते हुए पात्र व्यक्तियों की पहचान और आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि कोई भी जरूरतमंद जानकारी के अभाव या आवेदन संबंधी परेशानी के कारण पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!