एसआईआर और ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से किया समन्वय।

पौड़ी:-  विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विधानसभा निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन की जानकारी दी गई और अंतिम मतदाता सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव एवं फीडबैक साझा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराने का उद्देश्य सूची का व्यापक परीक्षण सुनिश्चित करना है, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने अथवा किसी मतदाता का नाम गलत स्थान पर दर्ज होने जैसी स्थिति की जानकारी समय रहते प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी से निर्वाचन संबंधी कार्यों की निगरानी के साथ प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है।

03 अक्टूबर 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित विधानसभा निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,008 मतदान केंद्रों पर 5,07,135 सामान्य मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,64,235 पुरुष, 2,42,890 महिला और 10 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 14,570 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 14,319 पुरुष और 251 महिला सर्विस मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार जनपद में सामान्य एवं सर्विस मतदाताओं को मिलाकर कुल 5,21,705 मतदाता पंजीकृत हैं।

23 अक्टूबर से शुरू होगी ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी

बैठक में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के संबंध में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी गई। जनपद में एफएलसी का कार्य 23 अक्टूबर 2026 से ईवीएम गोदाम, वेयर हाउस छतरीधार, कोटद्वार रोड, पौड़ी गढ़वाल में शुरू किया जाएगा। जांच कार्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी प्रक्रिया जारी रहेगी।

एफएलसी का कार्य इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा नामित इंजीनियरों के माध्यम से कराया जाएगा। प्रक्रिया में पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक राजनीतिक दल से प्रतिदिन दो अधिकृत प्रतिनिधि एफएलसी प्रक्रिया में उपस्थित रह सकेंगे।

एफएलसी पूर्ण होने के बाद यादृच्छिक रूप से चयनित 5 प्रतिशत मशीनों पर मॉक पोल भी कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से एफएलसी के लिए अधिकृत प्रतिनिधियों के नाम एवं आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूर्ण करने तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श सहित राजनीतिक दलों से एसएस रावत, भरत रावत, राजेंद्र सिंह रावत, महादेव प्रसाद बहुगुणा, क्रांति किशोर, संतोष चंदोला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!