देहरादून:- जनपद देहरादून में ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों एवं स्थानों पर उपचुनाव कराने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की ओर से जारी अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डा. आशीष चौहान ने उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। वहीं, अभ्यर्थी 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे।

इसके बाद 5 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। 12 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जबकि 14 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आयोग के निर्देशों का अनुपालन और आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य स्तर पर जारी कार्यक्रम के अनुसार देहरादून में ग्राम पंचायत सदस्य के 65 और क्षेत्र पंचायत सदस्य का 1 रिक्त पद, कुल 66 पदों पर उपचुनाव होना है।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!