पालिका, राजस्व और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; अवैध सामान जब्त, चार अतिक्रमणकारियों पर चालान।
मुनिकीरेती/ढालवाला, 15 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और बाधारहित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन ने बुधवार को संयुक्त अभियान चलाकर आस्था पथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया।
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देश पर पालिका, राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम जानकी झूला में एकत्र हुई। इसके बाद टीम ने आस्था पथ पर अभियान शुरू करते हुए अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। अभियान के दौरान तीन स्थानों पर अवैध रूप से रखी गई अतिक्रमण सामग्री को जब्त किया गया, जबकि चार अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सार्वजनिक मार्गों और आस्था पथ पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में मौजूद रहे अधिकारी:- अभियान के दौरान कानूनगो राय सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल, सफाई सुपरवाइजर बाबू सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक निधि थपलियाल सहित पालिका, राजस्व और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
