रुद्रप्रयाग पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती, होटल-ढाबों में देर रात औचक चेकिंग।
रुद्रप्रयाग:- केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपदभर में व्यापक संध्याकालीन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से “ड्रिंक एंड ड्राइव” करने वाले वाहन चालकों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर नजर रखी।
पुलिस टीमों ने विभिन्न चेकिंग प्वाइंट्स पर ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से संदिग्ध चालकों की जांच की। साथ ही अवैध शराब तस्करी की आशंका को देखते हुए वाहनों की डिकियों और गुप्त खानों की भी गहन तलाशी ली गई। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में चलाए गए अभियानों में शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मिलने के बाद इस बार भी ड्रिंक एंड ड्राइव पर विशेष फोकस रखा गया।
होटल, लॉज और ढाबों में देर रात औचक निरीक्षण:- वाहन चेकिंग अभियान के बाद जिले के विभिन्न कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने देर रात होटल, लॉज और ढाबों में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ठहरे हुए यात्रियों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया तथा होटल और ढाबा संचालकों को बिना वैध पहचान पत्र वाले किसी भी व्यक्ति को ठहराने से बचने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। जनपद में आगे भी इस प्रकार के विशेष अभियान जारी रहेंगे।
