शारदा तटबंध बनेगा सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव : मुख्यमंत्री धामी। WWW.JANSWAR.COM

चम्पावत में ₹65.95 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास, सेवा पखवाड़ा शिविरों का भी किया निरीक्षण।

चम्पावत/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद चम्पावत के बूमघाट में ₹65.95 करोड़ की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री ने ₹60.21 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा तटबंध निर्माण तथा ₹5.74 करोड़ की लागत से पूर्णागिरि तहसील के ग्राम छीनीगोठ की सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षात्मक दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री का स्थानीय महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक टीका, कुमाऊँनी टोपी, पुष्पवर्षा और छोलिया नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया।

सेवा पखवाड़ा के स्टॉलों का किया निरीक्षण:- मुख्यमंत्री ने सेवा पखवाड़ा के तहत कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी भी तैयार की। स्वास्थ्य शिविर में निक्षय योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पोषण किट वितरित की गई।

शारदा कॉरिडोर से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर:- मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगभग ₹3300 करोड़ की लागत से विकसित किए जा रहे शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से क्षेत्र को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की नई पहचान देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट सहित कई धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की बेटियों के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने पर भी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

धार्मिक पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा:- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा लगभग ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, वे केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि विकसित चम्पावत, सुरक्षित भविष्य और समृद्ध उत्तराखंड की मजबूत आधारशिला हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सामाजिक संगठनों, पूर्व सैनिकों, व्यापार मंडल, किसान प्रतिनिधियों तथा भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।