• टिहरी के विद्यार्थियों को हैदराबाद शैक्षिक यात्रा के लिए किया गया रवाना।
  • शिक्षा के साथ इतिहास से परिचय: पीएम श्री विद्यालयों का शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम।

टिहरी:- आज मंगलवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के पीएम श्री विद्यालयों में अध्ययनरत कुल 70 छात्र-छात्राओं एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के दल को हैदराबाद शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत द्वारा सभी को शुभकामनाएँ देते हुए हरी झंडी दिखाकर दल को फ्लैग-ऑफ किया गया। साथ ही सभी को मिठाई का वितरण किया गया तथा छात्र-छात्राओं को बैग वितरित किए गए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव होगा। हैदराबाद एक ऐतिहासिक नगर है, जहाँ भारत की समृद्ध संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास को नजदीक से जानने का अवसर मिलेगा। भ्रमण के दौरान गोलकुंडा किला, चारमीनार, सालार जंग संग्रहालय, चौमहल्ला पैलेस एवं कुतुब शाही मकबरों सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों के इतिहास एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी प्राप्त करे और उनसे सीखे।

जिलाधिकारी टिहरी ने छात्रों से अपील की कि भ्रमण के दौरान केवल फोटो और वीडियो तक सीमित न रहें, बल्कि वहाँ के ऐतिहासिक स्थलों, संस्कृति और विरासत की जानकारी प्राप्त करें तथा उससे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में उसे व्यवहारिक रूप से अपनाएँ। इस प्रकार के भ्रमण से विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध और विविध इतिहास को समझने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल, वार्ड मेम्बर विजय कठैत, शिक्षा अधिकारी वीपी सिंह, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक / शिक्षिकायें, छात्र छात्राएं
उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!