बिसलेरी के पानी के नमूने में मिले कैंसर से जुड़े रसायन, FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने को दी मंजूरी।

नई दिल्ली:- देश में बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनी बिसलेरी (Bisleri International) के एक पानी के नमूने की जांच में निर्धारित मानकों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने जांच के आधार पर कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सितंबर 2025 में FSSAI की टीम ने गोवा स्थित बिसलेरी की निर्माण इकाई से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के छह नमूने एकत्र किए थे। शुरुआती प्रयोगशाला जांच में पांच नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई। जबकि इसकी निर्धारित अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

इसके बाद कंपनी ने जांच रिपोर्ट के खिलाफ अपील की। मामले में नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई, लेकिन जांच के दौरान पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। इसके आधार पर रेफरल लैब ने नमूने को असुरक्षित घोषित कर दिया।

कैंसर से जुड़े रसायनों की मौजूदगी ने बढ़ाई चिंता:- जांच में सामने आए ब्रोमेट और PAHs को लेकर स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं जताई जा रही हैं। ब्रोमेट पानी की ओजोन आधारित शुद्धिकरण प्रक्रिया के दौरान बन सकता है। वहीं, PAHs समूह के कुछ रासायनिक यौगिकों को कैंसरकारी माना जाता है। ऐसे में पेयजल की गुणवत्ता और उसकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

हालांकि, जांच का निष्कर्ष बिसलेरी के एक विशेष नमूने से संबंधित है। इसे कंपनी के सभी उत्पादों या बाजार में उपलब्ध प्रत्येक बोतल के असुरक्षित होने का प्रमाण नहीं माना जा सकता।

बिसलेरी ने गुणवत्ता पर उठे सवालों पर दिया जवाब:- वहीं, बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपने उत्पादों की गुणवत्ता का बचाव करते हुए कहा है कि मामला सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक विशेष बैच से जुड़ा है। कंपनी के अनुसार, उसने संबंधित नमूने की स्वतंत्र जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में भी कराई थी, जिसमें ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई।

कंपनी ने दावा किया कि उसने 2 फरवरी 2026 को अपनी जांच रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेजी थी। कंपनी का कहना है कि उसकी उत्पादन प्रक्रिया में 10 चरणों के तहत 90 से अधिक गुणवत्ता जांच की जाती हैं और वह नियामक एजेंसी के साथ पूरा सहयोग कर रही है।

बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल:- इस मामले ने देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर बहस तेज कर दी है। रिपोर्टों के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा विभाग अन्य प्रमुख ब्रांडों के पानी के नमूनों की भी जांच कर रहा है। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, उपभोक्ताओं को बोतलबंद पानी खरीदते समय उसकी सील, बैच नंबर, पैकिंग की तारीख और FSSAI लाइसेंस संबंधी जानकारी पर ध्यान देना चाहिए।

फिलहाल बिसलेरी के एक विशेष नमूने को असुरक्षित घोषित किए जाने और कंपनी के पक्ष के बीच यह मामला खाद्य सुरक्षा एवं नियामकीय कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण बना हुआ है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!