उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार दिलाने की पहल, 5,500 ग्रामीण महिलाएं सीधे जुड़ीं।

देहरादून:- उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचाने की पहल अब मजबूत कारोबारी मॉडल में बदल रही है। उत्तराखंड की ग्रामीण महिलाओं की मेहनत से तैयार अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने शुरुआत के बाद से अब तक करीब ₹6 करोड़ का कारोबार किया है।

हाउस ऑफ हिमालयाज को राष्ट्रीय पहचान दिसंबर 2023 में मिली, जब देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ब्रांड का विमोचन किया था। प्रधानमंत्री ने इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने वाला प्रयास बताया था।

ब्रांड के तहत उत्तराखंड की स्थानीय पहचान से जुड़े उत्पादों को आधुनिक पैकेजिंग, बेहतर गुणवत्ता और एकीकृत ब्रांडिंग के साथ बाजार में उतारा गया है। वर्तमान में 60 विशिष्ट उत्पादों सहित कुल 83 उत्पाद इस ब्रांड में शामिल हैं। इनमें पहाड़ी दालें, अनाज, मसाले, शहद, तेल, हर्बल एवं पर्सनल केयर उत्पादों के साथ हस्तशिल्प भी शामिल हैं। ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेट्स, दाल, चावल, तेल-घी, मसाले, शहद, हर्बल उत्पाद, बेकरी, पर्सनल केयर और हस्तशिल्प जैसी श्रेणियां उपलब्ध हैं।

5,500 ग्रामीण महिलाएं सीधे जुड़ीं

हाउस ऑफ हिमालयाज का प्रमुख पक्ष इसका महिला-केंद्रित आजीविका मॉडल है। 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन से जुड़ी करीब 5,500 प्रत्यक्ष महिला लाभार्थी ब्रांड की आर्थिक गतिविधियों से सीधे जुड़ी हैं। इससे पहाड़ में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने के साथ ग्रामीण महिलाओं को भी उनकी मेहनत का आर्थिक लाभ मिल रहा है।

अब हाउस ऑफ हिमालयाज की पहुंच स्थानीय बाजार से आगे बढ़कर देश के विभिन्न हिस्सों तक हो गई है। उपभोक्ता इसके उत्पाद Amazon और Flipkart जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर खरीद सकते हैं। वहीं क्विक कॉमर्स के माध्यम से Blinkit, Swiggy Instamart और BigBasket पर भी ब्रांड के उत्पाद उपलब्ध हैं। इसके अलावा ब्रांड की अपनी D2C वेबसाइट के माध्यम से देशभर में सीधे खरीदारी की सुविधा दी जा रही है।

ब्रांड के उत्पाद Amazon Global के माध्यम से अमेरिका और कनाडा जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल से ग्लोबल के विजन के अनुरूप इस ब्रांड के माध्यम से प्रदेश की मातृशक्ति, किसानों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड के गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को वैश्विक बाजार मिले और इसका सीधा लाभ महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादकों की आर्थिकी को प्राप्त हो।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!