5 दिसंबर को आयोजित होगा प्रसिद्ध बूंखाल मेला, श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस।
पौड़ी:- आगामी 5 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बूंखाल मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी के निर्देशन में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को मेले से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने वाहनों के आवागमन के प्रस्तावित मार्गों, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, भंडारों के लिए निर्धारित स्थलों और दुकानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पैदल मार्ग को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने यातायात और पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मेले के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही उरेडा विभाग को मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग पर पर्याप्त सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मेले से पहले व्यवस्थाएं पूर्ण करने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शिवम मित्तल, एआरटीओ मंगल सिंह, तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
