थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ, सीएम धामी ने ₹52.55 करोड़ की 26 विकास योजनाओं की दी सौगात।

टिहरी गढ़वाल:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात देते हुए ₹52.55 करोड़ की लागत वाली 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹30.50 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹22.04 करोड़ की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।  मुख्यमंत्री ने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए ₹2.73 करोड़ तथा भवन बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ₹4.72 करोड़ की स्वीकृति देने की घोषणा की। उन्होंने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांगों पर भी सकारात्मक विचार करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग ₹1300 करोड़ की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटन क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने बताया कि कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के समाधान के लिए करीब ₹6 करोड़ की लागत से सुरक्षा कार्य पूरे किए गए हैं। वहीं, ₹10 करोड़ से अधिक की लागत से सड़क परिवर्तन एवं डामरीकरण का कार्य भी पूरा किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में ₹8 करोड़ से अधिक की लागत से पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ब्रांड ने अब तक ₹6 करोड़ से अधिक की बिक्री की है। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार के प्रयासों से प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब, अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों को प्रेरणादायी बताया। वहीं, ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद कर लोकभाषा एवं साहित्य के संरक्षण में योगदान देने के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, दर्जा राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!