14 जुलाई से शुरू होंगे मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के चयन ट्रायल। WWW.JANSWAR.COM

1 अगस्त से खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के ट्रायल, चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति और खेल सुविधाएं।

देहरादून::- उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और  मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत चयन ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। खेल मंत्री रेखा आर्या  ने सोमवार को बताया कि उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के ट्रायल 14 जुलाई से, जबकि खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के चयन ट्रायल 1 अगस्त से शुरू होंगे।

खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के चयन ट्रायल ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, वार्ड, विकासखंड और जनपद स्तर पर चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और मेरिट आधारित होगी, जिससे प्रत्येक पात्र खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का समान अवसर मिल सके।

रेखा आर्या ने बताया कि  मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के चयन ट्रायल 1 अगस्त से प्रारंभ होंगे। चयनित खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता के साथ खेल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।

उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों से समय पर पंजीकरण कर निर्धारित तिथियों पर ट्रायल में भाग लेने की अपील की। साथ ही जिला क्रीड़ा अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया का संचालन पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि किसी भी खिलाड़ी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

खेल मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य खेल संस्कृति को गांव-गांव तक पहुंचाना और उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करना है।

योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ:-

  • मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना (8 से 14 वर्ष आयु वर्ग)
  • प्रत्येक जनपद से 150-150 बालक एवं बालिकाओं का चयन।
  • चयनित खिलाड़ियों को ₹1,500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना (14 से 23 वर्ष आयु वर्ग)

 प्रत्येक जनपद से 100-100 बालक एवं बालिकाओं का चयन।
चयनित खिलाड़ियों को ₹2,000 प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी।
इसके अतिरिक्त खेल उपकरण खरीदने के लिए ₹10,000 प्रतिवर्ष की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।