राष्ट्रध्वज फहराकर अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति लिया संकल्प।
नगर पालिका मुनि की रेती-ढालवाला में भव्य सामूहिक ध्वजारोहण, वीर बलिदानियों को किया नमन।
देशभक्ति के गीतों और नारों से गूंजा पालिका पार्क, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पालिका कर्मियों एवं सभासदों का हुआ सम्मान।
मुनि की रेती:- देश की आन, बान और शान तिरंगे के सम्मान में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला के तत्वावधान में पालिका पार्क में भव्य, दिव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। सामूहिक ध्वजारोहण समारोह के दौरान देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभक्ति के गीतों से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिव्य जीवन संघ के स्वामी अश्वेतानंद जी महाराज, पूर्व पालिका अध्यक्ष महंत मनोज प्रपन्नाचार्य एवं वर्तमान पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने सामूहिक रूप से राष्ट्रध्वज फहराया। इसके उपरांत देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात वीर बलिदानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
‘गिलहरी के योगदान’ का उदाहरण देकर राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश:- मुख्य अतिथि स्वामी अश्वेतानंद महाराज ने रामसेतु निर्माण में गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद से सागर का निर्माण होता है और सभी को मिलकर राष्ट्र एवं प्रदेश को खुशहाल बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुनि की रेती क्षेत्र योग और अध्यात्म के साथ अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। पर्यटन, ऊर्जा, जल, स्वच्छता और पर्यावरण के क्षेत्र में यहां अपार संभावनाएं हैं। इन संसाधनों का बेहतर उपयोग कर क्षेत्र को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने राष्ट्र की प्रगति के लिए सभी वर्गों से बिना भेदभाव एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
महंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने युवा और मातृशक्ति से आगे आने का किया आह्वान:- पूर्व पालिका अध्यक्ष महंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों को याद करते हुए कहा कि उनके संकल्प और त्याग को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। उन्होंने युवा शक्ति एवं मातृशक्ति से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर ‘हम एक हैं, हम नेक हैं’ की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा।
वीर बलिदानियों के संघर्ष को किया याद:- वरिष्ठ अधिवक्ता एवं नोटरी रमाबल्लभ भट्ट ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों के संघर्ष और निःस्वार्थ देशभक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, वह असंख्य वीरों के बलिदान का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का देश, प्रदेश, नगर और गांव के प्रति अपना दायित्व है और उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से देशहित में आगे आकर नेतृत्व करने का आह्वान किया।
देशभक्ति के गीतों ने बांधा समां:- कार्यक्रम में राजकीय सेवा पेंशनर संगठन के श्री चौहान ने शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रत्येक नागरिक और युवा के भीतर मजबूत करने की बात कही।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवती प्रसाद रतूड़ी ने राष्ट्रीय पर्वों में क्षेत्रवासियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं क्रेजी संगठन के अध्यक्ष मनीष डिमरी ने देशभक्ति का गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। उनके गीतों में राष्ट्र प्रथम की भावना और नागरिकों के दायित्व का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।
सभासदों ने भी दी देशभक्ति की प्रस्तुतियां:- वार्ड नंबर 8 की सभासद स्वाती पोखरियाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने विचार रखे। उन्होंने युवाओं और वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों से जुड़े विषयों पर उपस्थित लोगों से संवाद किया।
वार्ड नंबर 6 की सभासद बबिता रमोला ने देशभक्ति गीत ‘ये वतन, ये वतन…’ प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। गीत के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों की यादें ताजा हो गईं और माहौल भावुक हो उठा। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए पालिका लगातार प्रयासरत है, लेकिन इसमें जनसहयोग भी बेहद जरूरी है।
अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा—राष्ट्रीय पर्वों में सभी की भागीदारी जरूरी:- नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व केवल आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए करीब 300 निमंत्रण पत्र वितरित किए गए थे, लेकिन अपेक्षा के अनुरूप संख्या बल नहीं पहुंचने का उन्हें मलाल है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रीय पर्वों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास में जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
पालिका कर्मियों और सभासदों का किया सम्मान:- स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर नगर पालिका परिषद के निष्ठावान कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभासदों को भी सम्मानित कर उपहार प्रदान किए गए। अधिशासी अधिकारी बद्री भट्ट ने भी अध्यक्ष के साथ मिलकर पालिका कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में पालिका के विनोद खंडूरी, विनोद सकलानी, सचिन रस्तोगी, लक्ष्मण भंडारी, निशा नेगी, रेखा पैन्यूली, अजय रमोला, सूरज बलोनी, किशन भट्ट, विक्की, ज्योति उनियाल, अर्चना बिजल्वाण, विमला बडोला, मधु असवाल, प्रदीप बडोला, प्रेस क्लब अध्यक्ष संजय बडोला, सुदीप पंचभैया, राज्य सेनानी मंच के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार भारत भूषण कुकरेती, महंत सरविंदर सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल एवं अनुशासित संचालन अधिशासी अधिकारी बद्री भट्ट ने किया।
