यमकेश्वर में मंदिरों से दानपात्र चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार।

पौड़ी:- यमकेश्वर थाना क्षेत्र में चंडी माता मंदिर और श्री हनुमान मंदिर से दानपात्र चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए दानपात्र और 3,009 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को वादी देवेंद्र प्रसाद बडोनी निवासी ग्राम बदयूंन, यमकेश्वर तथा राजेश खत्री निवासी निशनी, यमकेश्वर ने थाना यमकेश्वर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 जुलाई 2026 को ग्राम बदयूंन स्थित चंडी माता मंदिर तथा 3 अगस्त 2026 को ग्राम निशनी स्थित श्री हनुमान मंदिर के ताले तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा दानपात्र चोरी कर लिए गए।

मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने घटनाओं के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष यमकेश्वर अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सर्विलांस विश्लेषण, स्थानीय मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान हितेंद्र सिंह निवासी यमकेश्वर की दोनों चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त 2026 को आरोपी हितेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मंदिरों से चोरी किए गए दानपात्र और कुल 3,009 रुपये बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना यमकेश्वर में पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया।

पंजीकृत अभियोग:-1. मु0अ0सं0-06/2026, धारा 305(d), 331(3) बीएनएस

2. मु0अ0सं0-07/2026, धारा 305(d), 331(4) बीएनएस

3. बरामदगी के संबंध में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी।

 

By Janswar

error: Content is protected !!