मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद, घर बुलाकर कमरे में बंद कर की गई कथित पिटाई; अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम।
टिहरी गढ़वाल:- प्रतापनगर ब्लॉक की ओण पट्टी में एक 18 वर्षीय युवक की कथित रूप से लाठी-डंडों से पिटाई के बाद मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ओण पट्टी के देवल गांव निवासी केतन लाल (18 वर्ष) पुत्र धनपाल लाल गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना में उसके एक मित्र को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसका उपचार जिला अस्पताल बौराड़ी में चल रहा है।
मृतक के पिता धनपाल लाल की तहरीर पर थाना लंबगांव में खोलगढ़ वल्ला निवासी यशवीर सिंह पंवार पुत्र विद्याधर पंवार समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में अपराध संख्या 09/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 3(2)(v) एससी/एसटी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है। वहीं, विवेचना की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेड़ा को सौंपी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक और एक नाबालिग के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि रविवार को नाबालिग ने युवक को अपने घर बुलाया, जहां कथित रूप से उसे कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से पीटा गया। गंभीर चोटों के कारण युवक की हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
श्रद्धांजलि:-ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति। 🙏🕉️
