24वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का समापन, 2000 से अधिक निशानेबाजों ने दिखाया हुनर।

देहरादून:- पौंधा स्थित राणा इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग स्पोर्ट्स परिसर में आयोजित 24वीं उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 का शनिवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में खेल मंत्री रेखा आर्या मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

2 से 8 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में 2000 से अधिक निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों ने शूटिंग की अलग-अलग स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान युवा निशानेबाजों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जसपाल राणा के सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी युवाओं पर:-महान निशानेबाज स्वर्गीय जसपाल राणा की स्मृति में आयोजित चैंपियनशिप के समापन अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि जसपाल राणा ने शूटिंग के क्षेत्र में भारत को वैश्विक महाशक्ति बनाने का जो सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी अब युवा खिलाड़ियों के कंधों पर है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

खिलाड़ी खेल पर ध्यान दें, देश-प्रदेश का नाम रोशन करें:- रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड एवं देश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार करना और खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण, सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराना है। इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करती हैं।

समापन समारोह में उत्तराखंड राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण सिंह राणा, पैरालंपिक कोच सुभाष राणा, मधु मारवाह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, आयोजक, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!