arunabh raturi.janswar.com

स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।

पौड़ी:- स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न पर्यटक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों व स्थानीय लोगों द्वारा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया। इस दौरान उन्हें स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। वहीं जनपद मुख्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।

स्वच्छता ही सेवा अभियान पखवाड़ा स्वच्छ भारत मिशन के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जारी रोस्टर के अनुरूप जनपद के विभिन्न स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 17 सितम्बर से शुरू व 02 अक्टूबर तक चलाया जायेगा।
शुक्रवार को जनपद के लैंसडौन छावनी परिषद, कण्वाश्रम, राजाजी नेशनल पार्क एवं जोंक स्वर्गाश्रम में वृहद सफाई अभियान चलाया गया। इसके अलावा जिला पर्यटन कार्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। जिसमें स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर एक स्वच्छ कचरा मुक्त ग्रह बना सकते हैं इससे आपके आसपास का वातावरण भी स्वच्छ रहता है। कहा कि स्वच्छ घर होने से गांव स्वच्छ होगा तो सामाजिक माहौल सुधरेगा। यदि गांव साफ सुथरा होगा तो कई गंभीर रोगों से छुटकारा भी मिलेगा। वहीं जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने पर्यटन की महत्ता को बताते हुए पर्यटन की स्वरोजगार योजनाओं एवं साहसिक क्रियाकलापों की जानकारी दी।

चित्रकला प्रतियोगिता में जीजीआईसी पौड़ी, डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी व राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। प्रतियोगिता में जीजीआईसी की अनुष्का प्रथम, कविता द्वितीय व ऐश्वर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जीआईसी के अली हुसैन प्रथम, नमन द्वितीय व हर्षित तृतीय स्थान पर रहा। जबकि डीएवी इंटर कॉलेज के अनुराग शाह प्रथम, काकूल नेगी द्वितीय व आदित्य कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्थानीय विधायक ने प्रथम प्राप्त करने वालो को तीन-तीन हजार, द्वितीय स्थान पर रहे को दो-दो हजार व तृतीय स्थान पर रहे छात्र-छात्राओं को एक-एक हजार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
वहीं उत्तराखंड ग्रामीण बैंक शाखा पौड़ी द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बीआर मार्डन स्कूल में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शाखा प्रबंधक हरिहर पटनायक द्वारा अव्वल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं को कहा कि हमें अपने आस-पास स्वच्छता का विशेष ध्यान देना चाहिए और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना होगा।

इस अवसर पर प्रबंधक बीआर मार्डन स्कूल दामोदर प्रसाद ममगांई, पर्यटन विभाग से कांता प्रसाद, रितेश नेगी, प्रदीप कुमार, मनोज सिंह, मोनिका सहित अन्य उपस्थित थे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!