(अरुणाभ रतूड़ी जनस्वर)

राज्यपाल से मत्स्य पालन उद्यमी श्री मोहन सिंह बिष्ट ने की भेंट।

राजभवन देहरादून:- राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से राजभवन में ग्राम ल्वाणी, विकासखंड देवाल, जिला चमोली के मत्स्य पालन उद्यमी श्री मोहन सिंह बिष्ट ने भेंट की। श्री बिष्ट वर्ष 2017 से विकासखंड देवाल में ट्राउट मछली पालन के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं और स्थानीय लोगों, विशेषकर युवाओं को मछली पालन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल को अवगत कराया कि ट्राउट मछली की बाजार में अत्यधिक मांग है और उनके द्वारा यह मछली आईटीबीपी एवं एसएसबी को आपूर्ति की जा रही है।

राज्यपाल ने श्री मोहन सिंह बिष्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड में ट्राउट मत्स्य पालन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने इस क्षेत्र में अधिक से अधिक युवाओं को प्रेरित करने और सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ उठाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि ट्राउट मछली को सुपरफूड की श्रेणी में रखा जाता है, जिससे मत्स्य पालन आर्थिक रूप से एक लाभदायक और सतत उद्यम के रूप में विकसित हो सकता है।

राज्यपाल ने श्री मोहन सिंह बिष्ट के प्रयासों को उत्तराखण्ड के लिए एक अनुकरणीय पहल बताते हुए उन्हें भविष्य में भी इस दिशा में अपने प्रयास जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की नवाचारी सोच और उद्यमशीलता, राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!